जालंधर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े 3 बदमाशों से 6 पिस्तौल बरामद, एमपी से लाते थे हथियार

जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): पंजाब में संगठित अपराध और अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए जालंधर पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गिरोह से जुड़े तीन अपराधियों से 6 पिस्तौल (.32 बोर) बरामद की हैं। यह खुलासा डीजीपी गौरव यादव ने किया। यादव ने बताया कि छह दिन पहले हुए एनकाउंटर में तीन आरोपी — मनकरण सिंह देओल, सिमरनजीत सिंह और जयवीर सिंह — गिरफ्तार किए गए थे। पूछताछ के बाद यह बरामदगी हुई।

अब तक आरोपियों से कुल 8 पिस्तौल मिल चुकी हैं। जांच में सामने आया है कि यह बदमाश मध्य प्रदेश से हथियार मंगवाकर पंजाब में सक्रिय गैंगों को सप्लाई करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक तलाशने के लिए जांच तेज कर दी है।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य में संगठित अपराध और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।