रोजाना भास्कर (जालंधर): जालंधर के चर्चित भ्रष्टाचार मामले में विजिलेंस विभाग के डीएसपी अरमिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब उन्होंने विधायक रमन अरोड़ा की बहू साक्षी अरोड़ा को समन भेजा था। बताया जा रहा है कि समन भेजने के अगले ही दिन विभाग ने उनका सस्पेंशन आदेश जारी कर दिया।
हालांकि विभाग की ओर से “ड्यूटी में लापरवाही” को कारण बताया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मामला राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जा रहा है। डीएसपी अरमिंदर सिंह को अब अमृतसर की पीएपी 9वीं बटालियन में तैनात कर दिया गया है।
इस केस में आज (8 अक्टूबर) अदालत में अहम सुनवाई होनी है। माना जा रहा है कि डीएसपी के सस्पेंशन और विजिलेंस जांच की दिशा को लेकर कोर्ट में कई नए सवाल उठ सकते हैं।
विजिलेंस जांच में खुलासा हुआ था कि विधायक रमन अरोड़ा के साढ़ू राजन कपूर के बेटे हितेश कपूर और बहू साक्षी अरोड़ा की फर्म ‘श्री श्याम टेक्सटाइल्स’ में करोड़ों का लेनदेन हुआ है। 2021 में शुरू हुई इस फर्म का टर्नओवर तीन साल में 4.42 करोड़ से बढ़कर 7.39 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।
फंड के स्रोत और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की जांच के लिए ही साक्षी अरोड़ा को समन भेजा गया था। विजिलेंस को 2021 से 2025 के बीच मदान कार्ड्स, जगदंबे फैशन और श्री श्याम टेक्सटाइल्स जैसी कंपनियों में करोड़ों रुपए के लेनदेन के सबूत मिले हैं।
डीएसपी का सस्पेंड होना और जांच की रफ्तार धीमी पड़ना इस पूरे मामले को और जटिल बना रहा है। अब सबकी निगाहें अदालत के फैसले पर टिकी हैं।