रोजाना भास्कर (जालंधर): आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा की कानूनी परेशानियां खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। करप्शन केस में जेल में बंद रहे अरोड़ा को भले ही हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिल गई हो, लेकिन अब उन पर जबरन वसूली का गंभीर आरोप लग गया है।
थाना रामा मंडी पुलिस ने उनके खिलाफ नई FIR दर्ज की है। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस की मांग पर अदालत ने 3 दिन का रिमांड मंजूर कर लिया।
पीड़ित की शिकायत के अनुसार, विधायक अरोड़ा ने उसे डराया-धमकाया और जबरन पैसे वसूले। बता दें कि अरोड़ा की थाना रामा मंडी क्षेत्र में मजबूत पकड़ मानी जाती रही है।
उनके जेल जाने के बाद पार्टी ने सेंट्रल हलके की कमान उद्योगपति नितिन कोहली को सौंपी थी, जिससे उपचुनाव की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, अरोड़ा ने अपने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया।
विधायक को नाभा जेल से लाकर पेश किया गया, जहां पुलिस ने जांच के लिए उनका रिमांड मांगा और कोर्ट ने 3 दिन की हिरासत मंजूर कर ली। अब पुलिस रमन अरोड़ा से जबरन वसूली के आरोपों पर गहन पूछताछ करेगी।