दसूहा: नशा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस पार्टी पर हमला, बचाव में की गई फायरिंग

दो लोग घायल; 24 लोगों पर मामला दर्ज, हेल्पलाइन पर आई थी नशे की शिकायत

रोजाना भास्कर (चंडीगढ़/जालंधर/होशियारपुर ): दसूहा के गांव बुद्धोबरकत में बीती रात पुलिस पार्टी पर उस समय हमला हो गया जब वे इलाके में चल रहे नशा तस्करी के धंधे की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी। शिकायत 112 हेल्पलाइन नंबर पर आई थी, जिसमें गांव में नशे का कारोबार चलने की सूचना दी गई थी।

पुलिस टीम पर किया गया हमला

शिकायत मिलते ही दसूहा थाना से एसआई सरबजीत सिंह और एसआई सुखदेव गांव पहुंचे। वहां वे गांव के पूर्व सरपंच भूपिंदर सिंह के घर पहुंचे और सहयोग की अपील की। भूपिंदर सिंह की पत्नी गांव की मौजूदा सरपंच हैं।

इस दौरान भूपिंदर सिंह ने पुलिस से बहसबाजी शुरू कर दी और धीरे-धीरे गांव के अन्य लोग भी वहां इकठ्ठा हो गए। अचानक भीड़ ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया।

आत्मरक्षा में पुलिस को चलानी पड़ी गोली

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए। वहीं, हमले में पुलिस के दो अधिकारी भी जख्मी हुए, जिनका इलाज इस समय दसूहा के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

24 लोगों पर मामला दर्ज

इस गंभीर मामले में पुलिस ने 24 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई तेज़ कर दी गई है। डीएसपी बलविंदर सिंह जोड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

 “कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

— डीएसपी बलविंदर सिंह जोड़ा