पंजाबी संगीत जगत के स्तंभ पूरण शाह कोटी का निधन, इंडस्ट्री में गहरा शोक

जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध पंजाबी गायक मास्टर सलीम के पिता और महान संगीत गुरु पूरण शाह कोटी का निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

पूरण शाह कोटी न केवल एक उत्कृष्ट गुरु थे, बल्कि उन्होंने पंजाबी लोक और सूफी संगीत को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। वे मशहूर गायक हंस राज हंस और जसबीर जस्सी जैसे दिग्गज कलाकारों के भी गुरु रहे, जिन्होंने हमेशा उन्हें अपना मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत माना।

बताया जा रहा है कि पूरण शाह कोटी अपने बेटे मास्टर सलीम के साथ जालंधर के देयोल नगर में रहते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही संगीत और कला जगत से जुड़े कई कलाकारों, प्रशंसकों और सामाजिक हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पूरण शाह कोटी का योगदान पंजाबी संगीत के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उनका जाना संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दे।