रोजाना भास्कर (चंडीगढ़/जालंधर): पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। लुधियाना वेस्ट से उपचुनाव जीतने वाले विधायक संजीव अरोड़ा ने गुरुवार को चंडीगढ़ में मंत्री पद की शपथ ली।
राज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई, जिसके बाद उन्हें मंत्रालय भी सौंप दिए गए हैं। माना जा रहा है कि उन्हें उद्योग और एनआरआई मामलों का विभाग सौंपा गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
इस मौके पर मंत्री मोहिंदर भगत ने बयान देते हुए कहा कि, “किसे कौन सा विभाग देना है, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। सभी को इसकी जानकारी जल्द दे दी जाएगी।”
संजीव अरोड़ा की नियुक्ति से यह साफ है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल अपने वादे के अनुसार नए विजेता विधायकों को सरकार में शामिल कर रहे हैं। लेकिन इस फेरबदल के साथ ही अब किसी मौजूदा मंत्री की छुट्टी तय मानी जा रही है।
इसी बीच कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के इस्तीफे की चर्चा ने सियासी हलचल और बढ़ा दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उन्होंने “सेवा के लिए आभार” जताते हुए एक पोस्ट साझा की, जिससे उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं।
सूत्रों की मानें तो धालीवाल की एक केंद्रीय मंत्री से बढ़ती नजदीकियां इस बदलाव की मुख्य वजह हो सकती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में पंजाब कैबिनेट में बड़ा reshuffle देखने को मिल सकता है।