पंजाब कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, 2 मंत्रियों के बदले विभाग; संजीव अरोड़ा बने तीसरे सबसे ताकतवर मंत्री

पंजाब (रोजाना भास्कर ब्यूरो): पंजाब की राजनीति में गुरुवार को उस समय बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब राज्य सरकार ने अचानक दो मंत्रियों के विभागों में फेरबदल कर दिया। लोकल बॉडीज विभाग संभाल रहे डॉ. रवजोत सिंह से यह जिम्मेदारी वापस लेकर उन्हें एनआरआई विभाग सौंप दिया गया है। यह विभाग पहले संजीव अरोड़ा के पास था।

वहीं अब संजीव अरोड़ा को राज्य का अहम लोकल बॉडीज विभाग सौंपा गया है। इस बदलाव के बाद संजीव अरोड़ा को कैबिनेट के तीसरे सबसे पावरफुल मंत्री के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि इस फेरबदल का औपचारिक नोटिफिकेशन अभी जारी होना बाकी है।

यह फेरबदल आने वाले नगर निगम चुनावों के मद्देनज़र बेहद अहम माना जा रहा है। सरकार की रणनीति शहरी इलाकों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की है। संजीव अरोड़ा शहरी क्षेत्र से जुड़े नेता माने जाते हैं और शहरी प्रशासन की गहरी समझ रखते हैं, जिस कारण उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सूत्रों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा की प्रमोशन के पीछे एक बड़ी वजह सीएम भगवंत मान का जापान और नॉर्थ कोरिया दौरा भी माना जा रहा है। इस विदेशी दौरे के दौरान कई अहम व्यापारिक समझौते हुए, जिनमें अरोड़ा की भूमिका को सरकार ने सराहा है।

2025 में लुधियाना वेस्ट से विधायक बने संजीव अरोड़ा

संजीव अरोड़ा ने 2025 में लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर विधायक के रूप में राजनीति में नई पारी शुरू की। उन्होंने 28 जून 2025 को विधायक पद की शपथ ली। इससे पहले वे राज्यसभा सांसद थे और विधायक बनने के बाद 1 जुलाई 2025 को राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।

इसके बाद 3 जुलाई 2025 को उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली और उन्हें उद्योग एवं वाणिज्य तथा एनआरआई मामलों के विभाग सौंपे गए। 18 अगस्त 2025 के कैबिनेट फेरबदल में उन्हें बिजली विभाग भी दिया गया था। अब लोकल बॉडीज विभाग मिलने के साथ ही उनकी राजनीतिक ताकत और बढ़ गई है।

#PunjabPolitics #CabinetReshuffle #SanjeevArora #DrRavjotSingh #LocalBodiesDepartment #NRIDepartment #PunjabGovernment #BhagwantMann #PunjabCabinet #MunicipalElections #AAPPunjab #BreakingPunjabNews