पंजाब में बाढ़ राहत: सनातन सेवा समिति ने भेजी मदद की सौगात, प्रवासी पंजाबियों से की भावुक अपील

जालंधर, रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा): पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों के लिए सनातन सेवा समिति ने मानवीय सरोकार का परिचय देते हुए राहत सामग्री का एक बड़ा काफिला रवाना किया है।

पठानकोट में सनातन सेवा समिति दवारा जरूरत के कपड़े बाँटते हुए रोहित सियाल,डॉ संजीव कपूर व अन्य। फोटो: उदय शर्मा

इस राहत सामग्री में कपड़े, सूखा व लंबे समय तक चलने वाला खाद्य पैकेट, आवश्यक दवाइयां, मच्छरदानी, त्रिपाल, बच्चों के डायपर, महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड सहित तमाम जरूरी घरेलू वस्तुएं शामिल हैं।

 समिति के पंजाब अध्यक्ष विजय शर्मा और जालंधर नॉर्थ इंचार्ज पविंदर बहल ने जानकारी दी कि पंजाब के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ से गंभीर हालात बने हुए हैं। इसे देखते हुए समिति ने त्वरित राहत अभियान शुरू किया है।

इस अभियान के तहत राहत सामग्री के वितरण के लिए 10 सदस्यीय टीम भी भेजी गई है, जिसमें जालंधर से हरीश शर्मा, गौरव शर्मा, विशाल शर्मा, रोहित सयाल, डॉ. संजीव कपूर, दिवाकर शर्मा, और मनदीप शर्मा समेत कई समर्पित सदस्य शामिल हैं।

पंजाबियों से अपील: समिति के पंजाब अध्यक्ष विजय शर्मा ने विदेशों में बसे पंजाबियों से भावुक अपील करते हुए कहा, “अब वह समय है जब आपको अपनी जन्मभूमि पंजाब के साथ खड़े होना चाहिए। बाढ़ की इस विकट घड़ी में मदद के लिए आगे आएं और अपने लोगों की पीड़ा को साझा करें।”

यह राहत अभियान न सिर्फ ज़रूरतमंदों के लिए एक उम्मीद की किरण है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जब आपसी सहयोग और सेवा का भाव हो, तो हर आपदा को मात दी जा सकती है।