पंजाब में बाढ़ संकट: अमित शाह ने CM भगवंत मान और राज्यपाल से की फोन पर बात, हर संभव मदद का भरोसा

रोजाना भास्कर (चंडीगढ़/नई दिल्ली): पंजाब के 9 जिलों में बाढ़ के हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से फोन पर बातचीत की।

मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने गृह मंत्री को प्रदेश में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

अमित शाह ने राज्य सरकार को भरोसा दिलाया कि केंद्र बाढ़ से निपटने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत बल और संसाधन भी भेजे जाएंगे।

इधर, भारी बारिश के चलते भाखड़ा डैम के गेट 4 फीट तक खोल दिए गए हैं, जिससे सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

लुधियाना से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भारी बारिश के कारण एक दीवार गिर गई और उसकी चपेट में 4 गाड़ियां आ गईं। राहत कार्य जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।