पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: मान सरकार ने दरों में की बड़ी कटौती, घरेलू बिजली ₹1.5 प्रति यूनिट तक सस्ती

चंडीगढ़/जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो।पंजाब के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के प्रयासों के चलते राज्य में बिजली दरों में उल्लेखनीय कमी की घोषणा की गई है। नए टैरिफ के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में अधिकतम ₹1.5 प्रति यूनिट तक की कटौती की गई है, जिससे लाखों परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।

इसके अलावा व्यावसायिक दुकानों और छोटे व्यवसायिक यूनिट्स के लिए बिजली दरों में 79 पैसे प्रति यूनिट तक की कमी की गई है। वहीं औद्योगिक इकाइयों को भी राहत देते हुए बिजली दरों में 74 पैसे प्रति यूनिट की कटौती की गई है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।

इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) को बढ़ावा देने के लिए भी अहम फैसला लिया गया है। राज्य में ईवी चार्जिंग स्टेशनों के लिए बिजली दर घटाकर ₹5 प्रति यूनिट कर दी गई है, जो देश में सबसे कम दरों में से एक मानी जा रही है। इससे पंजाब में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नए टैरिफ आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पहली बार PSPCL (पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) एक कुशल और मुनाफा कमाने वाली कंपनी बनी है।

वित्त वर्ष 2024-25 में PSPCL को ₹2634 करोड़ का मुनाफा हुआ है और कंपनी को A+ रेटिंग भी मिली है। सरकार ने इसे अपने बिजली प्रबंधन सुधारों और पारदर्शी नीतियों का परिणाम बताया है।

#PunjabNews #BhagwantMann #PunjabGovernment #ElectricityRates #PSPCL #PowerTariff #PunjabDevelopment #EVCharging #BusinessRelief #BreakingNews