पंजाब में शीतलहर जारी: 2 दिन तक बारिश की संभावना, आज रात से एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ; पंजाब और चंडीगढ़ में आज घनी धुंध और शीत लहर का अलर्ट

चंडीगढ़/जालंधर (रोजाना भास्कर): पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को आज (गुरुवार) भी शीतलहर और घने कोहरे का सामना करना पड़ा। आज रात से एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा। इसके बाद 12 जनवरी तक राज्य में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है। हालांकि, पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य के करीब पहुंच गया है।

बठिंडा में सबसे ज्यादा 23 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ में 18.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने अमृतसर, कपूरथला और तरनतारन के लिए सुबह 9 बजे तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

विभाग के मुताबिक, इस समय ट्रैफिक धीमी गति से चलता है। ऐसे में लोगों को वाहन चलाते समय सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही, यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। इसके अलावा लोगों को सुबह की सैर से भी बचना चाहिए।

आठ जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज आठ जिलों अमृतसर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट है।

वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, रूपनगर, मोहाली और मलेरकोटला में घने कोहरे का येलो अलर्ट है।

लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि 10 तारीख को कोहरे से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।