नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। केंद्रीय बजट से ठीक पहले तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 49 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 1 फरवरी से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1691.50 रुपये से बढ़कर 1740.50 रुपये का हो गया है।

कोलकाता में इसकी कीमत 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये, मुंबई में 1642.50 रुपये से बढ़कर 1692 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये हो गई है।
कीमतों में इस इजाफे का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ने की संभावना है, जिससे खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ सकते हैं।
हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
देश के प्रमुख शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर की वर्तमान कीमतें इस प्रकार हैं—दिल्ली: 853 रुपये, कोलकाता: 879 रुपये, मुंबई: 852.50 रुपये, चेन्नई: 868.50 रुपये, लखनऊ: 890.50 रुपये, अहमदाबाद: 860 रुपये और हैदराबाद: 905 रुपये।
#LPGPriceHike #CommercialCylinder #GasRates #Inflation #Budget2026 #HotelIndustry #CommonMan #IndiaNews














