बड़ी खबर: जालंधर के उद्योगपति की बहू सोनम तिवारी का शव ब्यास दरिया से मिला, दो दिन से लापता थी; जांच जारी

जालंधर (रोजाना भास्कर)। जालंधर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां वसंत एवेन्यू निवासी एक उद्योगपति की बहू सोनम तिवारी (पत्नी मंदीप तिवारी) का शव सोमवार को ब्यास दरिया से बरामद किया गया। वह शनिवार रात करीब 9:30 बजे से लापता थी।

जानकारी के मुताबिक, सोनम अपनी एक सहेली के साथ ब्यास दरिया के पुल पर गई थी। सहेली ने पुलिस को बताया कि सोनम ने उसे कार में बैठने को कहा और अचानक खुद पुल से दरिया में छलांग लगा दी।

घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ, लेकिन रविवार तक कोई सुराग नहीं मिला था। आखिरकार, सोमवार को शव मिलने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया

घटना की जानकारी मिलते ही उद्योगपति के आवास पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों की हस्तियां पहुंचीं। इनमें राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल, विधायक बावा हैनरी, AAP नेता नितिन कोहली, श्री देवी तालाब मंदिर कमेटी के कैशियर पविंदर बहल, जालंधर चेंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स के वाइस प्रेसिडेंट शांत गुप्ता, जिमखाना क्लब के सचिव संदीप बहल और कई अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सोनम की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। पुलिस सोनम की सहेली और परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ कर रही है।

यह मामला शहर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।