बड़ी खबर: दिल्ली से वॉशिंगटन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, वियना में रोकने के बाद की गई रद्द

नई दिल्ली (रोजाना भास्कर): नई दिल्ली से वॉशिंगटन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। वियना में ईंधन भरने के लिए फ्लाइट के ठहराव के बाद खराबी का पता चला। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया।

एयरलाइन ने विमान से वॉशिंगटन के लिए यात्रा कर रहे यात्रियों को वियना में उतारकर वैकल्पिक सुविधा के जरिये यात्रा कराई गई। साथ ही पूर्ण धनवापसी की पेशकश की गई। इसके अलावा एअर इंडिया की वॉशिंगटन डीसी से वियना के रास्ते नई दिल्ली आने वाली फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि दो जुलाई को नई दिल्ली से वॉशिंगटन डीसी जा रहे विमान संख्या AI103 को वियना में ईंधन भरने के लिए रोका गया था। ईंधन भरने के दौरान नियमित जांच के वक्त विमान तकनीकी खराबी का पता लगा।

इस खराबी को ठीक करने के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत थी। इसके कारण विमान की वियना से वाशिंगटन डीसी तक की यात्रा रद्द कर दी गई और यात्रियों को उतार दिया गया।