बड़ी खबर: पंजाब की इस अदालत में कोर्ट रूम के अंदर महिला जज पर निहंग ने किरपाण से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

पटियाला/चंडीगढ़ (रोजाना भास्कर)। पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल खड़े होते रहे हैं। अब ऐसा मामला सामने आया है जहां पुलिस कर्मी की लापरवाही से बड़ा हादसा होने से बच गया। पटियाला की अदालत में उस समय अफरा तफरी मच गई जब महिला जज पर एक निहंग सिंह ने किरपाण से हमला करने की कोशिश की। स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

आरोपी की पहचान पटियाला के गोबिंद नगर निवासी गुरपाल सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच मेंआरोपी मानसिक परेशान लग रहा है। मंगलवार को महिला जज नवदीप कौर गिल अपने कोर्ट रूम में एक केस की सुनवाई कर रही थीं। अचानक निहंग सिंह कोर्ट रूम में दाखिल हुआ और महिला जज के डायस पर चढ़कर उन पर किरपाण से हमला करने की कोशिश की। आरोपी जज से कुछ ही दूरी पर था, जिसे स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया।

डीएसपी सतनाम सिंह के मुताबिक निहंग सिंह को अदालत परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मी ने रोका था। तलाशी में उसके पास से बड़ा श्री साहिब बरामद हुआ था, लेकिन छोटा श्री साहिब भी था। सुरक्षा कर्मी की लापरवाही रही कि उसने यह वेरिफाई नहीं किया कि निहंग सिंह अदालत में किसी पेशी पर आया है या नहीं। इस वजह से सुरक्षा कर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे कोर्ट कांप्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस ने जायजा लिया।