मुख्यमंत्री भगवंत मान का सख्त एक्शन: लिंक सड़कों की गुणवत्ता जांच के लिए ‘सीएम फ्लाइंग स्क्वायड’ गठित

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की सड़कों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए ‘सीएम फ्लाइंग स्क्वायड’ का गठन किया है। इस स्क्वायड में पंजाब मंडी बोर्ड और लोक निर्माण विभाग (PWD) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जो पूरे राज्य में लिंक सड़कों की मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की जांच करेंगे।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में तरनतारन से 19,492 किलोमीटर लिंक सड़कों की मरम्मत योजना की शुरुआत की थी, जिस पर लगभग ₹3,425 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। स्क्वायड के सदस्य मालवा, माझा और दोआबा क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण और रखरखाव की वास्तविक स्थिति का मैदानी निरीक्षण करेंगे।

सरकार का उद्देश्य इस कदम के जरिए सड़क निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि “जनता का पैसा जनता की सुविधा के लिए है, अब घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

यह पहल पंजाब में सड़क बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।