मृतक की जमीन पर जालसाजी: फर्जी आधार से रजिस्ट्री, पूर्व पार्षद समेत 4 पर केस

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर में भू-माफिया के फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव नंगल शामा स्थित 17 मरले के प्लॉट की रजिस्ट्री एक मृत व्यक्ति को जिंदा दिखाकर करा दी गई।

आरोपियों ने पहले मृतक जमना दास के नाम पर फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया, फिर उसी के आधार पर 24 अक्टूबर 2024 को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय जालंधर में एक अन्य व्यक्ति को पेश कर 22.10 लाख रुपये में जमीन अपने नाम करवा ली।

इतना ही नहीं, रजिस्ट्री के बाद इंतकाल भी मंजूर करवा लिया गया ताकि पूरा सौदा वैध प्रतीत हो।

मामला तब उजागर हुआ जब विदेश से लौटे विजय भाटिया ने शिकायत दर्ज करवाई। जांच के बाद थाना नवी बारादरी में केस दर्ज किया गया।

पुलिस ने चार आरोपियों को नामजद किया है—एक अज्ञात व्यक्ति जिसने जमना दास का रूप धारण किया, मंदीप कुमार निवासी काकी पिंड (खरीदार व पूर्व पार्षद), हरजिंदर सिंह नंबरदार गांव सपराए (पहला गवाह) और गुरिंदर सिंह निवासी लड़ोआ टांडी (दूसरा गवाह)।

सभी पर धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार जांच जारी है और इस जमीन घोटाले में और भी खुलासे होने की संभावना है।

#Jalandhar #LandScam #Forgery #FakeAadhaar #PropertyFraud #PunjabNews #CrimeReport #NangalShama #RegistryFraud