मोहाली में स्कूलों को बम धमकी: प्रशासन अलर्ट, जांच जारी; CM मान को भी मिली धमकी 

मोहाली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मोहाली से इस समय बड़ी खबर सामने आई है। शहर के 10 निजी स्कूलों को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें मोहाली में बम विस्फोट की बात लिखी गई थी। ई-मेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन सतर्क हो गया और एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई। अभिभावकों को तुरंत संदेश भेजकर जानकारी दी गई, जबकि सुबह पहुंचे कई विद्यार्थियों को गेट से ही वापस भेज दिया गया।

धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। डीएसपी सिटी हरसिमरन बल लर्निंग पाथ स्कूल और डीएसपी सिटी वन पृथ्वी चहल पैरागॉन स्कूल पहुंचे। सभी संबंधित स्कूल परिसरों को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। सुरक्षा के मद्देनज़र किसी को भी स्कूल गेट के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी गिन्नी दुग्गल के अनुसार, पैरागॉन, लर्निंग पाथ, माइंड ट्री, जीडी गोयनका, विवेक स्कूल, इंडस सहित कुल 10 स्कूलों को यह ई-मेल प्राप्त हुआ। जिन संस्थानों को मेल मिली, उन्हें तत्काल बंद कर दिया गया है। साथ ही सरकारी स्कूलों को भी अपने ई-मेल की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे घटनाक्रम की जानकारी डीसी मोहाली को भेज दी गई है।

ई-मेल की सामग्री में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का उपयोग किया गया था, जिसकी जांच साइबर व सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। जांच पूरी होने तक एहतियाती कदम जारी रहेंगे।

#Mohali #BombThreat #SchoolAlert #PunjabPolice #SecurityCheck #StayCalm #InvestigationOn