रोजाना भास्कर (अमृतसर/गुरदासपुर): कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पंजाब दौरे पर हैं। वह सुबह करीब साढ़े 9 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचे। इसके बाद वह गांव घोनेवाल रवाना हुए। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इसके बाद वह गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा टेकने के लिए पहुंचे।
अब वह गुरदासपुर पहुंचे हैं। यहां भी वह बाढ़ प्रभावित लोगों से मिल रहे हैं। राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद हैं। राहुल गांधी गुरदासपुर और पठानकोट भी जाएंगे।
बाढ़ से 23 जिलों के 2 हजार 97 गांव प्रभावित हुए। लगभग 1 लाख 91 हजार 926 हेक्टेयर में फसलें डूब गईं। 15 जिलों में 52 लोगों की मौत हो चुकी है।
5 दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया था। उन्होंने हालात को देखते हुए पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया था। इसे पंजाब की मान सरकार ने नाकाफी बताया था।