जालंधर (रोजाना भास्कर): जिले के सबसे बड़े वाटर पार्क और जालंधर के वंडरलैंड को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। एक मीडिया संस्थान को भेजी गई चिट्ठी में कहा गया है कि आज यानी 31 दिसंबर की रात को वंडरलैंड में होने वाली पार्टी में हम ब्लास्ट करेंगे। साथ ही लेटर में कहा गया है कि जालंधर प्रशासन को यह खुला चैलेंज है। रोक सकते हो तो रोक लो। हालांकि, इसे लेकर जालंधर देहात पुलिस के SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा है कि ये सब बातें अफवाह हैं। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। जबकि, वंडरलैंड में सुबह से ही पुलिस चेकिंग कर रही है, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
नए साल के सेलिब्रेशन को लेकर रखी गई पार्टी
जालंधर के सबसे चर्चित वाटर पार्क में आज न्यू ईयर सेलिब्रेशन का इवेंट रखा गया है। वंडरलैंड ने इस इवेंट का नाम “द ग्रांड बॉलरूम अफेयर” रखा है। रात 8 बजे यह पार्टी शुरू हो जाएगी और रात करीब 12 बजे तक चलेगी। इसे लेकर काफी समय से शहर के लोगों में उत्साह है। वंडरलैंड में होने वाला यह इवेंट शहर का सबसे बड़ा इवेंट है, जहां शहर के प्रमुख लोग और उनके परिवार आने वाले हैं। वहीं, शहर का सबसे ज्यादा भीड़भाड़ वाला इवेंट भी वंडरलैंड में ही होने जा रहा है। ऐसे में धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है।
लेटर में क्या लिखा है…
लेटर की शुरुआत अरबी भाषा से की गई है, जिसमें लिखा है, अल्लाह हु अकबर। आगे अंग्रेजी में लिखा है, ‘यह हमारा ओपन चैलेंज है जालंधर प्रशासन को। हम 31 दिसंबर को वंडरलैंड फार्म में ब्लास्ट करेंगे।
अगर रो सकते हो तो रोक लो। यह हमारा ओपन चैलेंज है। काउंटडाउन स्टार्ट… टिक-टोक टिक-टोक टिक-टोक। ‘ आखिर में फिर अरबी भाषा में लिखा है कि खुदा हमारी शहादत कबूल करे। अल्लाह हु अकबर।