दोनों परिवारों ने शुरू की तैयारियां, इस गुरुद्वारा साहिब में निभाई जाएंगी रस्में
जालंधर। भारतीय टीम के दो बड़े सितारे और दिग्गज खिलाड़ी जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। पंजाब के जालंधर में हॉकी के मक्का मिट्ठापुर से संबंध रखने वाले ओलिंपियन मनदीप सिंह जल्द हरियाणा के हिसार की रहने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर उदिता कौर से शादी करने जा रहे हैं।
दोनों की शादी का कार्ड भी सामने आया है जिसके मुताबिक दोनों 21 मार्च को जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में शादी के बंधन में बंध जाएंगे। शादी के कार्ड में दोनों के नाम के आगे ओलिंपियन लिखा हुआ है। दोनों एथलीटों दोनों परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त हैं। दोनों खिलाड़ी देश के नाम कई खेल पदक लेकर आ चुके हैं।
हॉकी खिलाड़ी मंदीप सिंह के बारे में जानें सबकुछ
25 जनवरी 1995 को जालंधर के गांव मिट्ठापुर (हॉकी का मक्का) में ओलिंपियन मनदीप सिंह का जन्म हुआ था। कई बड़े खिलाड़ियों को देखकर मंदीप सिंह की शुरू से ही हॉकी में रुची रही। उन्होंने जालंधर की सुरजीत हॉकी अकादमी में युवा खिलाड़ी के तौर पर फील्ड हॉकी खेलने से शुरुआत की थी।
मनदीप सिंह भारतीय पुरुष राष्ट्रीय हॉकी टीम का हिस्सा हैं। जिन्होंने विश्व कप 2014 और 2018, एशियाई खेल 2018, राष्ट्रमंडल खेल 2018, एशिया कप 2013, हॉकी वर्ल्ड लीग टियर 4 फाइनल 2014 और 2017, हॉकी वर्ल्ड लीग टियर तीन 2013 और 2017 और चैंपियंस ट्रॉफी 2016 और 2018 में प्रदर्शन किया है। साथ अन्य कई बड़ी चैंपियनशिप्स मनदीप सिंह अपने नाम कर चुके हैं। ओलिंपियन मनदीप सिंह फिलहाल पंजाब पुलिस में बतौर डीएसपी तैनात हैं।
उदिता की ऐसी रही जर्नी
हरियाणा के हिसार के गांव नंगल में 14 जनवरी 1998 जन्मी उदिता कौर दुहान अभी उनकी उम्र 27 साल है। वह हरियाणा हॉकी टीम के साथ इंटरनेशनल मैचों में भारत का नाम रौशन कर चुकी हैं। वह भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर हैं। हॉकी से पहले काफी देर तक उदिता ने हैडबॉल भी खेला है। उनके खेल करियर की शुरुआत हैंडबॉल बॉल से ही हुई थी।
मगर फिर उन्होंने हॉकी में अपना हाथ आजमाया। साल 2017 में उदिता ने सीनियर स्तर पर शुरुआत की थी। साल 2018 एशियाई खेलों में रजत, 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य और 2023 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीता था।
साथ ही भारत को 2021 टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर लाने में उदिता का बड़ा हाथ था। 2024 में वह महिला हॉकी इंडिया लीग नीलामी में सबसे अधिक कमाई करने वाली खिलाड़ी बनीं थीं।