सिद्धू मूसेवाला की बरसी से पहले पिता का बड़ा ऐलान: 2027 में विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, बोले– बेटे को न्याय दिलाकर रहूंगा

मानसा/चंडीगढ़ (रोजाना भास्कर): मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की तीसरी बरसी से पहले उनके पिता बलकौर सिंह ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, ताकि अपने बेटे को न्याय दिला सकें और पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठा सकें।

यह घोषणा उन्होंने मानसा में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ के दौरान की, जहां वह मीडिया से मुखातिब थे। बलकौर सिंह ने कहा, “पंजाब में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है। दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और सरकार मूक दर्शक बनी बैठी है।” उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला करते हुए कहा कि गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी का दावा झूठा निकला, वह अभी तक कानून की पकड़ से बाहर है। मूसेवाला हत्याकांड के कई आरोपी भी अब तक गिरफ्त में नहीं आए हैं।

इस मौके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा वड़िंग भी मौजूद थे और उन्होंने बलकौर सिंह के निर्णय को जनता की आवाज बताया। बलकौर सिंह के इस फैसले ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है और आने वाले चुनावों के लिए एक नई बहस को जन्म दे दिया है।