नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। 30 जनवरी को गोल्ड और सिल्वर मार्केट में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मुनाफावसूली के चलते चांदी 1.10 लाख रुपए (करीब 27%) टूटकर 4.01 लाख रुपए से 2.91 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई। 
सोने में भी 20 हजार रुपए (लगभग 12%) की गिरावट रही और 10 ग्राम सोना 1.69 लाख रुपए से फिसलकर 1.49 लाख रुपए पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद निवेशकों ने बड़े पैमाने पर प्रॉफिट बुकिंग की। ऑल-टाइम हाई के बाद फिजिकल डिमांड में आई कमजोरी और औद्योगिक उपयोग को लेकर चिंताओं ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया।
सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने सोने पर मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8% और चांदी पर 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया है।
मार्जिन बढ़ने से ट्रेडर्स को सौदे बनाए रखने के लिए अधिक पूंजी लगानी पड़ती है। जिनके पास अतिरिक्त नकदी नहीं होती, वे अपनी होल्डिंग बेचने लगते हैं, जिससे बाजार में तेज बिकवाली होती है और कीमतें गिरती हैं।
सर्राफा बाजार में भी नरमी दिखी। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, एक किलो चांदी 40,638 रुपए सस्ती होकर 3,39,350 रुपए पर आ गई, जबकि 24 कैरेट सोना 9,545 रुपए गिरकर 1,65,795 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
सर्राफा बाजार शाम 5 बजे बंद हो जाता है, जबकि वायदा बाजार देर रात तक चलता है, इसलिए MCX पर गिरावट अधिक दिखी।
#GoldCrash #SilverCrash #MCX #BullionMarket #ProfitBooking #GoldPrice #SilverPrice #CommodityNews #IBJA #MarketUpdate














