देशभक्ति की भावना से सराबोर हुए यात्री और स्थानीय लोग
रोजाना भास्कर (पंजाब/फिरोजपुर): 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में फिरोजपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को तिरंगे के रंगों से रोशन कर देशभक्ति का अनूठा दृश्य पेश किया गया है। 13 अगस्त से 16 अगस्त तक चलने वाली इस विशेष सजावट में स्टेशनों को केसरिया, सफेद और हरे रंग की लाइटों से खूबसूरती से सजाया गया है।
अमृतसर, जालंधर सिटी, फिरोजपुर कैंट, फगवाड़ा, मोगा, ब्यास, मुक्तसर और कपूरथला जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशन रात के समय तिरंगे की रोशनी में जगमगा रहे हैं। यह दृश्य यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।
स्टेशन परिसर में देशभक्ति का माहौल महसूस किया जा सकता है, जहां हर कोई गर्व और उत्साह के साथ इस दृश्य को कैमरे में कैद कर रहा है।
भारतीय रेलवे द्वारा की गई यह पहल न केवल स्वतंत्रता दिवस के महत्त्व को उजागर करती है, बल्कि यात्रियों और नागरिकों के दिलों में देशप्रेम की भावना को भी और अधिक प्रबल करती है।
तिरंगे की रौशनी से दमकते ये स्टेशन राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का प्रतीक बन गए हैं।