जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शाहकोट पुलिस ने खुद को IPS अधिकारी बताकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अनमोल रत्न का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी सिर्फ 10वीं पास है, लेकिन उसने फर्जी आईडी, पुलिस वर्दी, एडिटेड न्यूज कटिंग और सोशल मीडिया के जरिए खुद को IPS अधिकारी बताकर लोगों का भरोसा जीता।

पहली पत्नी के छोड़ने के बाद उसने इंस्टाग्राम पर शाहकोट की मनदीप कौर से दोस्ती की, लव मैरिज की और बाद में उसे भी अपने ठगी के खेल में शामिल कर लिया।
आरोपी ने अपनी साली को पुलिस भर्ती का झांसा देकर ₹15 लाख ठग लिए, जबकि तीन अन्य लोगों से भी करीब ₹16 लाख की ठगी की। पीड़ितों को नियुक्ति और ट्रेनिंग के नाम पर मैसूर, चंडीगढ़ और बेंगलुरु तक घुमाता रहा।
शिकायत मिलने के बाद शाहकोट पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में उसकी पत्नी और पिता को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।














