जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी में दर्ज महान भक्तों की गुरबाणी को समर्पित 15वां महान कीर्तन दरबार लम्मा पिंड चौक से जंडू सिंघा रोड, मोहल्ला हरदीप नगर में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय समागम 15 और 16 नवंबर को प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक सजाए जाएंगे। इस मौके पर भाई पिंदरपाल सिंह जी विद्वान एवं कथावाचक 15 नवंबर को और भाई सुखदेव सिंह डल्ला विद्वान एवं कथावाचक 16 नवंबर को शामिल होंगे। पंथ के अनेक महान कीर्तनी जत्थे गुरुवाणी के माध्यम से संगतों को निहाल करेंगे।

विभिन्न शहरों की सोसायटियों की बैठक शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण की अगुवाई में मोहल्ला विनय नगर में हुई। इस संबंध में प्रेस को बयान जारी करते हुए सोसायटी के प्रधान रणजीत सिंह राणा ने बताया कि लंगर की सेवा में अकाल सहाय यूथ फेडरेशन, संतोखपुरा; बाबा दीप सिंह सेवक दल, पृथ्वी नगर; गुरु तेग बहादुर सेवक दल, जैवन नगर; शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स क्लब, लम्मा पिंड और मीरी पीरी वेलफेयर सेवा सोसायटी, लम्मा पिंड के नौजवान मिलकर सेवा निभाएंगे।
दूध के लंगर की सेवा शेर-ए-पंजाब यूथ क्लब, प्रीत नगर, सोढल रोड, जालंधर की ओर से की जाएगी। जूतों की सेवा गुरमुख सेवक दल, जालंधर; जल की सेवा गुरु रामदास सेवक दल, मॉडल हाउस, जालंधर और भाई घनैया सेवक दल, जालंधर की ओर से निभाई जाएगी। कारों और स्कूटरों की पार्किंग की सेवा समाज सुधार सेवा सोसायटी, काला बकरा, जालंधर की ओर से की जाएगी। संतों-महापुरुषों और कीर्तनी जत्थों की सेवा सिख यूथ काफिला, जालंधर के नौजवान निभाएंगे।
इस मौके पर हरिंदर सिंह ढींडसा, जगजीत सिंह खालसा, दलजीत सिंह लम्मा पिंड, मंगल सिंह संतोखपुरा, रणवीर सिंह बल्ल, पृथ्वी नगर, हरप्रीत सिंह उर्फ अकाल सिंह, फुम्मण सिंह, महिंदर सिंह लम्मा पिंड, सतपाल सिंह नीला महल, जतिंदर सिंह रिंका, कमलजीत सिंह, परविंदर सिंह बबलू, जगदीप सिंह बिरदी, पाल सिंह और सोसायटियों के अनेक सदस्यों ने भाग लिया।














