जालंधर में सनसनी: GST टीम को बनाया गया बंधक, PPR मार्केट में देर रात हाई-वोल्टेज ड्रामा

जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज। जालंधर के पीपीआर (PPR) मार्केट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जीएसटी विभाग की टीम एक कार्यालय में जांच और रेड के लिए पहुंची। कार्रवाई के दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि वहां तैनात बाउंसरों ने कथित तौर पर अधिकारियों को दफ्तर के अंदर ही रोक लिया और बाहर से शटर गिरा दिया।

सरकारी कर्मचारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही जालंधर पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और बहसबाजी के बाद पुलिस ने शटर खुलवाया और जीएसटी अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। देर रात तक पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

सूत्रों के अनुसार, जीएसटी टीम सोमवार शाम Major Real Estates नामक कार्यालय में नियमित जांच के लिए गई थी, जिसे एक रसूखदार स्थानीय कांग्रेस नेता से जुड़ा बताया जा रहा है। दस्तावेजों की जांच शुरू होते ही वहां मौजूद बाउंसरों और कर्मचारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि एक स्थानीय नेता के इशारे पर सरकारी ड्यूटी कर रहे अधिकारियों से बदसलूकी की गई और उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

#Jalandhar #GSTRaid #PPRMarket #BreakingNews #PoliceAction #PunjabNews #TaxEvasion #LawAndOrder