मोहाली में बम धमकी से मचा हड़कंप, स्कूलों व फोर्टिस अस्पताल की बढ़ाई गई सुरक्षा

मोहाली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मोहाली में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कई निजी स्कूलों और फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। धमकी मिलते ही पंजाब पुलिस, बम निरोधक दस्ता और एंटी-सैबोटाज टीमें मौके पर पहुंचीं और सभी स्थानों की गहन जांच की गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी जगह से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फोर्टिस अस्पताल का नाम भी ई-मेल में शामिल था, जहां पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इलाज के लिए भर्ती हैं। इसी कारण अस्पताल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों में छुट्टी घोषित कर विद्यार्थियों को घर भेज दिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरे ई-मेल विदेशी सर्वर के जरिए भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह दहशत फैलाने की साजिश हो सकती है, क्योंकि इससे पहले भी पंजाब व आसपास के राज्यों में इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुई थीं।

फिलहाल पुलिस साइबर सेल मामले की गहराई से जांच कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

#MohaliAlert #BombThreat #SchoolSecurity #FortisHospital #PunjabPolice #BhagwantMann #SecurityTight #BreakingNews