लुधियाना, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): पंजाब सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही को लेकर बड़ा और सख्त कदम उठाया है। राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने माछीवाड़ा क्षेत्र के ब्लॉक प्राइमरी एजुकेशन ऑफिसर (BPEO) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
यह कार्रवाई माछीवाड़ा की इंदिरा कॉलोनी स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल के औचक निरीक्षण के बाद की गई, जहां हालात बेहद चिंताजनक पाए गए।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि स्कूल के अधिकांश छात्र साधारण पंजाबी पाठ तक सही ढंग से नहीं पढ़ पा रहे थे। बच्चों की इस कमजोर शैक्षणिक स्थिति पर नाराजगी जताते हुए शिक्षा मंत्री ने इसे “शिक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता” बताया और जिम्मेदार अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।
तीन शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस
मंत्री बैंस ने स्कूल में तैनात तीन शिक्षकों को भी न्यूनतम शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अगर बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत नहीं होगी, तो आने वाली पूरी पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
निरीक्षण के दौरान स्कूल की आधिकारिक रिपोर्ट में छात्रों का प्रदर्शन अच्छा दिखाया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट निकली। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कागजों में हेरफेर करना जनता के विश्वास के साथ धोखा है और इसकी गहन जांच करवाई जाएगी।
बुनियादी सुविधाओं पर भी सवाल
स्कूल के कुछ कमरों में खराब रोशनी और गंदगी पाए जाने पर मंत्री ने तुरंत साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाएं सुधारने के आदेश दिए। शिक्षकों द्वारा स्टाफ की कमी का हवाला देने पर मंत्री ने दो टूक कहा कि जिम्मेदारी और अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने दोहराया कि पंजाब सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई भर्तियां, सख्त मॉनिटरिंग और राज्यभर में औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे ताकि जवाबदेही तय की जा सके।
#PunjabEducation #HarjotSinghBains #LudhianaNews #SchoolInspection #EducationReform #GovtSchool #BPEOSuspended #Accountability #PunjabGovernment














