जालंधर में बेखौफ बदमाशों का आतंक: डॉक्टर के घर पर 10 राउंड फायरिंग, CCTV में कैद वारदात

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला संतोखपुरा इलाके का है, जहां देर रात करीब 1:40 बजे बाइक सवार बदमाशों ने डॉक्टर यशपाल के घर और बाहर खड़ी कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर पहले कार को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और फिर घर की ओर गोलियां दागकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि करीब 10 राउंड फायर किए गए।

घटना के समय डॉक्टर अपने परिवार के साथ घर के अंदर मौजूद थे। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं।

सूचना मिलते ही एसीपी जयंतपुरी थाना-8 के एसएचओ के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

स्थानीय पार्षद राजेश ठाकुर ने बताया कि देर रात डॉक्टर का फोन आने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। मामला पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के संज्ञान में लाया गया है, जिन्होंने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, क्योंकि डॉक्टर की किसी से रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

#Jalandhar #FiringIncident #PunjabCrime #BreakingNews #CCTVFootage #PunjabPolice #LawAndOrder