तरनतारन, रोजाना भास्कर ब्यूरो: भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के तरनतारन जिले में मंगलवार तड़के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की बड़ी कार्रवाई ने पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा दिया। खेमकरण विधानसभा क्षेत्र के गांव कलसियां कलां में की गई छापेमारी के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के मौजूदा सरपंच परमजीत सिंह को हिरासत में लिया गया।

सूत्रों के अनुसार एजेंसी ने सरपंच के घर से करीब 18 किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक NCB की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सुबह तड़के गांव में दबिश दी। सरपंच को हिरासत में लेकर उसके घर और अन्य संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। बताया जा रहा है कि बरामदगी उसकी निशानदेही पर हुई।
कार्रवाई के बाद संबंधित एजेंसी ने अमृतसर थाना क्षेत्र में केस दर्ज कर लिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच तेज कर दी गई है।

इस मामले ने इसलिए भी तूल पकड़ लिया है क्योंकि पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत गांव में गठित विलेज डिफेंस कमेटी का अध्यक्ष भी यही सरपंच बताया जा रहा है। ऐसे में नशा विरोधी मुहिम की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही ड्रग तस्करी की घटनाओं के बीच यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि एजेंसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के लिंक भी खंगाल रही है।
हालांकि देर रात तक NCB या स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
उधर, विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमला बोल दिया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। आने वाले दिनों में इस कार्रवाई से जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
#PunjabNews #TarnTaran #NCBAction #DrugSmuggling #HeroinSeizure #WarOnDrugs #AAPPunjab #BorderArea #BreakingNews













