कपूरथला में गैंगवार का खौफ: सुक्खा काहलवां के करीबी गोपी की गोली मारकर हत्या, इस गैंग ने ली जिम्मेदारी!

कपूरथला, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब में गैंगवार की एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। ढिलवां इलाके में शुक्रवार तड़के गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के करीबी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब गोपी अपनी कार में बैठा था। हमलावरों ने अचानक कार पर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वह सीट पर ही गिर पड़ा और मौके पर उसकी मौत हो गई।

 

—अहम गवाह था मृतक, पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां

बताया जा रहा है कि गोपी सुक्खा काहलवां मर्डर केस का अहम गवाह था और अपने बयान से पीछे नहीं हटा था। ऐसे में इस हत्या को उसी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।

 पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही थाना ढिलवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवाया गया। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और हमलावरों की तलाश जारी है।

सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ गैंगस्टरों द्वारा इस हत्या की जिम्मेदारी लेने की पोस्ट वायरल हुई है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

 इलाके में दहशत, कानून-व्यवस्था पर सवाल

इस वारदात के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। लगातार बढ़ रही गैंगवार की घटनाओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।