जालंधर/चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के बीएसएफ हेडक्वार्टर के सामने 5 मई की रात हुए IED ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी उमरदीन उर्फ मिट्टू और उसके साथी अनिल शर्मा को अदालत ने 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने कोर्ट से 10 दिन का रिमांड मांगा था ताकि पूरे आतंकी नेटवर्क, फंडिंग और साजिश से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के संपर्क में आए थे और उसी ने उन्हें इस साजिश के लिए तैयार किया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक की सप्लाई किसने की, ब्लास्ट के लिए इस्तेमाल कार कहां से आई और पूरे ऑपरेशन के पीछे कौन सा आतंकी संगठन सक्रिय था। सुरक्षा एजेंसियां देर रात तक दोनों से पूछताछ करती रहीं।

मुख्य आरोपी उमरदीन जीरकपुर का रहने वाला और पेशे से टैक्सी ड्राइवर है। उसने पूछताछ में पैसों के लालच में फंसने की बात कबूली है। वहीं अमृतसर निवासी अनिल शर्मा पर ब्लास्ट की वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है।
दोनों आरोपियों ने अमृतसर ब्लास्ट से किसी भी संबंध से इनकार किया है। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।














