“मुझे गद्दार कहने वालों पहले बताएं राज्यसभा सीट कितने में बेची थी” — हरभजन सिंह का बड़ा राजनीतिक हमला

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तीखी पोस्ट कर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक राजनीतिक पार्टी के लोगों ने उनके घर के बाहर पुतला जलाकर उन्हें “गद्दार” बताया। हरभजन ने कहा कि आम लोग इस तरह के काम नहीं करते, बल्कि इसके पीछे पार्टी के निर्देश होते हैं।

पूर्व क्रिकेटर ने लिखा कि उन्होंने 20 साल तक देश का नाम रोशन किया है और कुछ लोगों के लगाए टैग से उनकी पहचान नहीं बदल सकती। उन्होंने कहा कि देश की जनता तय करेगी कि उन्हें कैसे याद रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने “पेड ट्रोलर्स” पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे इस तरह की बातों की परवाह नहीं करते।

Harbhajan Singh ने अपने पोस्ट में बड़ा राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा, “मुझे गद्दार कहने वालों पहले अपने लोगों से पूछो पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची थी।” उन्होंने दावा किया कि समय आने पर वह बताएंगे कि किसे कितना “चढ़ावा” गया और किसे मंत्री बनाकर पंजाब को लूटने का काम किया गया।

उनके इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं और सोशल मीडिया पर भी बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।