जालंधर में सजेगा भक्ति का महाकुंभ: 13 जून को हंसराज रघुवंशी की भजनों से गूंजेगा शहर, मुख्यमंत्री-केजरीवाल आएंगे!

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। भगवान शिव को समर्पित भव्य धार्मिक समागम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ का आयोजन 13 जून को साईं दास स्कूल ग्राउंड में किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली और कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि यह आयोजन शहर के इतिहास के सबसे बड़े धार्मिक समागमों में से एक होगा। कार्यक्रम में जालंधर सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पंजाब सरकार द्वारा हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल भी इस समागम में श्रद्धालु के रूप में शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार यह समागम केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भाईचारे, शांति और सांस्कृतिक एकता का संदेश देने वाला एक विशेष मंच होगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।