जालंधर के पॉश इलाके में हाई-वोल्टेज ड्रामा, दोनों पक्षों ने किए बड़े दावे
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के मॉडल टाउन स्थित करोड़ों रुपए की बेशकीमती प्रॉपर्टी को लेकर कपूर अस्पताल के संचालक डॉ. जशनीव कपूर और राजन सिद्धू के बीच विवाद गहरा गया है। हालात तनावपूर्ण होने के चलते पुलिस को भारी फोर्स के साथ मौके पर तैनात करना पड़ा।

डॉ. जशनीव कपूर का दावा है कि उन्होंने वर्ष 2022 में पूरी कीमत चुकाकर उक्त इमारत की रजिस्ट्री अपने नाम करवाई थी और अब प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ने के बाद उसे दोबारा कब्जाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, राजन सिद्धू का कहना है कि उनके पास अदालत का स्टे ऑर्डर है और पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है।

करीब 21.74 मरले की इस प्रॉपर्टी को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। मामले ने अब कानूनी और प्रशासनिक रूप ले लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दस्तावेजों और दावों की जांच में जुटी हुई है।
सच्चाई क्या है, इसका फैसला अब जांच और अदालत की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।














