अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई: 3 की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल

बठिंडा, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब के डबवाली-बठिंडा हाईवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत इलाज के लिए एम्स (AIIMS) बठिंडा में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु राजस्थान के बाड़मेर से अमरनाथ यात्रा के लिए निकले थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे उनकी कार हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

थाना संगत के एसएचओ जगदीप सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।