पंजाब कांग्रेस का बड़ा संगठनात्मक ऐलान: वड़िंग रहेंगे प्रदेश अध्यक्ष, चन्नी को चुनाव प्रचार की कमान; रंधावा समेत 21 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए चुनावी समितियों का गठन कर दिया है। पार्टी ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार रखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कैंपेन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है।

इसके साथ ही सुखजिंदर सिंह रंधावा, विजय इंदर सिंगला, राज कुमार वेरका, संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी समेत कुल 21 वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न समितियों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची के अनुसार, पार्टी ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के साथ-साथ गुटबाजी को कम करने की रणनीति अपनाई है।

चन्नी के नेतृत्व वाली कैंपेन कमेटी में सुखपाल सिंह खैहरा, राणा गुरजीत सिंह और डॉ. धर्मवीर गांधी को को-चेयरपर्सन बनाया गया है।

संगठन को मजबूत करने के लिए सुखविंदर सिंह डैनी, राज कुमार वेरका और संगत सिंह गिलजियां को वर्किंग प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया है। वहीं सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि प्रताप सिंह बाजवा कांग्रेस विधायक दल के नेता बने रहेंगे।

पार्टी ने चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने से पहले दिल्ली में कई दौर की बैठकें कीं, जिनमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पंजाब कांग्रेस के संगठन, चुनावी रणनीति और सामाजिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा की।

कांग्रेस ने मालवा, माझा और दोआबा क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पार्टी का मानना है कि नया संगठनात्मक ढांचा आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूती देगा और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा करेगा।