FBI का बड़ा खुलासा! पंजाब पुलिस का इंस्पेक्टर अंतरराष्ट्रीय उगाही रैकेट में नामजद, अमेरिकी परिवार से ₹3.3 करोड़ मांगने का आरोप

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: अमेरिका की प्रमुख जांच एजेंसी FBI ने पंजाब पुलिस के इंस्पेक्टर और टांडा के तत्कालीन SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा को अंतरराष्ट्रीय उगाही और धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में संघीय अभियोग में नामजद किया है। आरोप है कि उन्होंने एक अमेरिकी परिवार से 4 लाख डॉलर (करीब ₹3.3 करोड़) की उगाही के लिए हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में अनसील किए गए अभियोग के मुताबिक, आरोपी पर कुख्यात गैंगस्टर जग्गु भगवानपुरिया के अपराध सिंडिकेट के साथ मिलकर इस कथित साजिश को अंजाम देने का आरोप है।

जांच एजेंसियों का दावा है कि अमेरिका के कैलिफोर्निया से पीड़ित परिवार की जानकारी भारत भेजी गई, जिसके बाद उनके भारत में रहने वाले रिश्तेदारों को झूठे हत्या के मामले में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की मांग की गई।

अमेरिकी न्याय विभाग ने इस मामले को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और कथित स्थानीय भ्रष्टाचार के खतरनाक गठजोड़ का उदाहरण बताया है।

यदि अदालत में आरोप सिद्ध होते हैं, तो यह मामला केवल एक पुलिस अधिकारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब पुलिस की जवाबदेही और संगठित अपराध से कथित संबंधों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।