जालंधर में तार को लेकर खूनी संघर्ष: पड़ोसियों ने तलवार, कड़े और डंडों से किया हमला, महिलाओं समेत कई घायल; पुलिस की देरी पर उठे सवाल

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के वार्ड नंबर-8 स्थित एक रिहायशी इलाके में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर लगी तार को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दो पड़ोसी पक्षों के बीच खूनी झड़प में बदल गई।

आरोप है कि रोहित, गोलू और उनके साथियों ने तलवार, कड़े, लाठी-डंडों और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं को भी निशाना बनाया गया, जिनमें एक महिला के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया, जिससे एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए।

 

सभी घायलों को इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय पर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे विवाद और बढ़ गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।