पंजाब में हाईवे सफर महंगा: NHAI ने 8 टोल प्लाजा की दरें बढ़ाईं, लाडोवाल टोल 4 महीने में दूसरी बार महंगा

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब में हाईवे पर सफर करने वालों को अब पहले से ज्यादा टोल चुकाना होगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने राज्य के 8 प्रमुख टोल प्लाजा की दरों में बढ़ोतरी कर दी है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

सबसे अधिक चर्चा लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा की है, जहां महज चार महीने के भीतर दूसरी बार टोल शुल्क बढ़ाया गया है। अब कार चालकों को सिंगल जर्नी के लिए ₹225 की जगह ₹235 देने होंगे, जबकि अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों के टोल में ₹10 से ₹60 तक की बढ़ोतरी की गई है।

नई दरें लाडोवाल के अलावा कालाझर, लहराबेगा, कोट करोर, घुलाल, काला टिब्बा, खुइयां सरवर, शेखपुरा और पैंद टोल प्लाजा पर भी लागू कर दी गई हैं।

कारों के टोल में ₹5 से ₹10 तक की बढ़ोतरी हुई है, वहीं बसों, ट्रकों और अन्य व्यावसायिक वाहनों के शुल्क भी संशोधित किए गए हैं। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों और कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

गौरतलब है कि 1 अप्रैल 2026 को भी लाडोवाल टोल पर कार-जीप के शुल्क में ₹5 की बढ़ोतरी की गई थी और अब दोबारा ₹10 का इजाफा कर दिया गया है। लगातार बढ़ रही टोल दरों को लेकर वाहन चालकों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।