जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के मद्देनज़र जालंधर कमिश्नरेट पुलिस और जालंधर ग्रामीण पुलिस ने सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी लागू की है।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस सतिंदर सिंह के निर्देश पर एडीसीपी ट्रैफिक गुरबाज सिंह और एसीपी ट्रैफिक अजय सिंह की निगरानी में शहर के भीतर और बाहरी जिलों से आने-जाने वाले वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है।
एडवाइजरी के अनुसार लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर, पठानकोट और मोगा रूट पर चलने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। वहीं जालंधर से अमृतसर, होशियारपुर, लुधियाना और पठानकोट जाने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि वीवीआईपी सुरक्षा के चलते कुछ मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि चिन्हित डायवर्जन रूट खुले रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे 17 जुलाई को यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।














