जंतर-मंतर पर बढ़ा तनाव: अस्पताल ले जाए गए सोनम वांगचुक, पत्नी की चेतावनी; अभिजीत दीपके ने शुरू किया नया अनशन

नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल ले गई। इसके बाद प्रदर्शन स्थल पर तनाव बढ़ गया।

पुलिस ने जंतर-मंतर जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए हैं और प्रदर्शनकारियों से स्थल खाली करने की अपील की जा रही है। हालांकि प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए डटे हुए हैं।

इस बीच, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने कहा कि उनकी और डॉक्टर की अनुमति के बिना वांगचुक को कोई दवा या इलाज न दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मंजूरी के बिना कोई चिकित्सा प्रक्रिया शुरू की गई तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।

वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वांगचुक को अस्पताल ले जाने के विरोध में स्वयं भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा और 20 जुलाई को संसद मार्च भी निकाला जाएगा।