जालंधर/चंडीगढ़/मोहाली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। कौमी इंसाफ मोर्चा के आह्वान पर आज 21 अगस्त को सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक पंजाब बंद है। बंद का असर कई जिलों में दिखाई दे रहा है। प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है, जबकि बस सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, ट्रेनों की आवाजाही फिलहाल सामान्य है।

खरड़-चंडीगढ़ हाईवे जाम: प्रदर्शनकारियों ने खरड़-चंडीगढ़ हाईवे बंद कर दिया है। इमरजेंसी वाहनों को ही आगे जाने दिया जा रहा है। ड्यूटी पर जा रहे लोगों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। हिमाचल से आने वाली बसों को खरड़ में रोका गया है।

जालंधर में मिला-जुला असर: ज्योति चौक समेत कई बाजारों में दुकानें बंद हैं, जबकि लाडोवाली रोड, रेलवे रोड और आसपास कुछ दुकानें खुली हैं। बसें नहीं चलने से जालंधर बस स्टैंड पर यात्री फंसे हुए हैं। वहीं सब्जी मंडी में बंद का खास असर नहीं दिखा। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य है और किसी ट्रेन के रद्द या री-शेड्यूल होने की सूचना नहीं है।

पठानकोट में भी मिश्रित असर: करीब 60 फीसदी बाजार बंद हैं, जबकि 40 फीसदी दुकानें खुली हैं और सड़कों पर सामान्य आवाजाही जारी है।
कौमी इंसाफ मोर्चा की मुख्य मांग सजा पूरी होने के बावजूद जेलों में बंद सिखों की रिहाई और पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के दोषी जगतार सिंह हवारा की पैरोल से जुड़ी है।














