कैंडिडेट का विजन जरूर देखें : कैप्टन रमनदीप सिंह
जालंधर रोज़ाना भास्कर (हरीश शर्मा) : जालंधर के प्रतिष्ठित जिमखाना क्लब के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। शुक्रवार को क्लब परिसर में दिनभर भारी गहमागहमी और चहल-पहल का माहौल बना रहा, जब प्रोग्रेसिव ग्रुप के उम्मीदवारों का काफिला अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचा। शुक्रवार को ग्रुप की ओर से प्रमुख पदों और एग्जीक्यूटिव मेंबर्स समेत कुल 8 उम्मीदवारों ने अपने आधिकारिक नामांकन पत्र दाखिल किए।

क्लब की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास को नई दिशा देने के दावे के साथ मैदान में उतरे प्रोग्रेसिव ग्रुप के नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

शुक्रवार को जूनियर वाइस प्रेसिडेंट पद के प्रत्याशी दलजीत सिंह छाबड़ा ने अपने प्रस्तावकों और समर्थकों की मौजूदगी में पर्चा भरा। उनके साथ ही आनरेरी सेक्रेटरी और जॉइंट सेक्रेटरी पद के प्रत्याशियों ने भी चुनाव अधिकारियों के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

इसके अतिरिक्त, क्लब की कार्यकारिणी (एग्जीक्यूटिव कमेटी) को मजबूती देने के लिए 5 एग्जीक्यूटिव मेंबर्स ने भी शुक्रवार को अपने दावे ठोके।

नामांकन पत्र दाखिल करने वाले इन सदस्यों में विपन झांजी, शालीन जोशी, कैप्टन रमन सिंह, जसमीत सिंह छाबड़ा और गगनदीप उप्पल शामिल रहे। चुनाव में ग्रुप की ओर से तरनजोत सिंह सिडाना पहले ही वीरवार को अपना पर्चा दाखिल कर चुके हैं, जबकि कार्यकारिणी के एक अन्य सदस्य शनिवार को अपना पर्चा जमा करेंगे।

नामांकन प्रक्रिया के इस चरण में सबसे महत्वपूर्ण मोड़ शनिवार 22 तारीख को आने वाला है। प्रोग्रेसिव ग्रुप के मास्टर स्ट्रोक के तहत प्रेसिडेंट (अध्यक्ष) और ट्रेजरर (कोषाध्यक्ष) जैसे दो सबसे अहम पदों के लिए प्रत्याशी शनिवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

ग्रुप के रणनीतिकारों का मानना है कि इन मुख्य पदों के नामांकन के साथ ही क्लब का चुनावी माहौल पूरी तरह प्रोग्रेसिव ग्रुप के पक्ष में माहौल तैयार करेगा।
कैंडिडेट का विजन जरूर देखें : कैप्टन रमनदीप सिंह
पेशे से आर्किटेक्ट कैप्टन रमनदीप इस बार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। उनका कहना है कि वोटर्स और मेंबर्स से उनकी यही अपील है कि वे कैंडिडेट का विजन जरूर देखें। वोट डालने से पहले यह जरूर जांचें कि उनका कैंडिडेट क्लब के प्रति क्या विजन रख रहा है।

रमनदीप कहते हैं कि क्लब के बारे में सोचने वालों को ही वोट और पद मिलना चाहिए। वे देश-विदेश आते-जाते रहते हैं। उनका विजन उसी नजरिये का है। वे अपने बारे में कहें तो चाहते हैं कि क्लब और सुंदर बने। इसकी बिल्डिंग ऐसी हो कि एक पहचान बन जाए।














