जालंधर पुलिस ने 1909 जब्त वाहनों की नीलाम किए, 32 बोलीदाताओं ने लिया हिस्सा; लंबे समय से थानों और पुलिस यार्ड में खड़े थे 

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने लंबे समय से विभिन्न थानों और पुलिस यार्ड में खड़े जब्त एवं लावारिस वाहनों के निपटारे के लिए बड़ी कार्रवाई की। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, IPS के दिशा-निर्देशों और ADCP ट्रैफिक गुरबाज सिंह तथा ACP ट्रैफिक अजय सिंह की निगरानी में यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।

1909 वाहनों की खुली बोली से नीलामी

पुलिस लाइन कमिश्नरेट जालंधर में 1909 वाहनों की खुली बोली के जरिए नीलामी की गई। इनमें विभिन्न मामलों में निर्णय हो चुके वाहन तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त वाहन शामिल थे।

नीलामी प्रक्रिया में 32 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया। सफल बोलीदाताओं ने नीलाम किए गए वाहनों को स्क्रैप के तौर पर खरीदा। नीलामी से प्राप्त पूरी राशि सरकार के संबंधित खाते में जमा करवाई जाएगी।

पारदर्शिता के साथ कार्रवाई, बाकी वाहनों का निपटारा भी जारी

पुलिस के अनुसार पूरी नीलामी संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में नियमों के तहत करवाई गई। लंबे समय से खड़े बाकी वाहनों के निपटारे की प्रक्रिया भी जारी है, ताकि ऐसे वाहनों को समय पर कानूनी और पारदर्शी तरीके से हटाया जा सके।

इस कार्रवाई का उद्देश्य पुलिस यार्ड और थानों में बेकार पड़े वाहनों को हटाकर जगह का बेहतर इस्तेमाल, रिकॉर्ड को व्यवस्थित करना और पुलिस परिसरों में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों की समस्या को कम करना है।

वाहन मालिकों से पुलिस की अपील

पुलिस कमिश्नरेट ने संबंधित वाहन मालिकों से अपील की है कि यदि उनका वाहन किसी थाने या पुलिस परिसर में खड़ा है तो वे तुरंत संबंधित थाने से संपर्क करें और लिखित आवेदन सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर वाहन रिलीज करवाएं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे वाहनों का निपटारा नियमों और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार जारी रहेगा।