सुरजीत हॉकी सोसायटी की पहल; डीसी वरजीत सिंह वालिया ने युवाओं को खेलों से जुड़ने का किया आह्वान
जालंधर,रोज़ाना भास्कर(हरीश शर्मा): महान हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन मेजर ध्यान चंद के 121वें जन्म दिवस एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सुरजीत हॉकी सोसायटी द्वारा आज स्थानीय सुरजीत हॉकी स्टेडियम, बर्ल्टन पार्क में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सुरजीत हॉकी अकादमी से जुड़े 100 उभरते हॉकी खिलाड़ियों को खेल किटें वितरित की गईं।

समारोह में जालंधर के डिप्टी कमिश्नर एवं सुरजीत हॉकी सोसायटी के अध्यक्ष वरजीत सिंह वालिया, आई.ए.एस. ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए खिलाड़ियों को खेल किटें प्रदान कीं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और जिम्मेदारी की भावना सिखाते हैं।

डीसी वरजीत सिंह वालिया ने कहा कि मेजर ध्यान चंद का जीवन और खेल के प्रति उनका समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यान चंद ने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीते और भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी खेल प्रतिभा, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक खिलाड़ी के लिए एक मिसाल है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने कहा कि जालंधर को हॉकी की नर्सरी के रूप में देश-विदेश में विशेष पहचान प्राप्त है और इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए युवा खिलाड़ियों को हर संभव अवसर एवं सहयोग प्रदान करना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर सुरजीत हॉकी सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष लेख राज नैय्यर ने डिप्टी कमिश्नर का स्वागत करते हुए कहा कि सोसायटी द्वारा 100 उभरते खिलाड़ियों को खेल किटें उपलब्ध करवाने का उद्देश्य जमीनी स्तर पर हॉकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से संबंधित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि सोसायटी लंबे समय से हॉकी को बढ़ावा देने तथा युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है।
समारोह के दौरान डिप्टी कमिश्नर वरजीत सिंह वालिया, सोसायटी के पदाधिकारियों, कोचों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने मेजर ध्यान चंद की जयंती के अवसर पर केक काटकर महान खिलाड़ी को याद किया तथा जालंधर की गौरवशाली हॉकी विरासत को और मजबूत करने एवं युवा प्रतिभाओं को आगे लाने का संकल्प लिया।
सोसायटी के सी.ई.ओ. इकबाल सिंह संधू ने बताया कि खिलाड़ियों को वितरित की गई खेल किटें पंजाब सरकार के खेल विभाग एवं सुरजीत हॉकी सोसायटी द्वारा डॉ. बी.एस. जौहल, मैनेजिंग डायरेक्टर, जौहल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सहयोग से उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने डॉ. जौहल द्वारा युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने तथा हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए दिए गए सहयोग की सराहना की।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष लखविंदरपाल सिंह खैरा, महासचिव सुरिंदर सिंह भापा, मानद सचिव रणबीर सिंह टूट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम प्रताप, ओलिंपियन राजिंदर सिंह, गौरव अग्रवाल, करनदीप सिंह के अलावा हॉकी कोच परदीप कौर, बिन्दु , सीता देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित थे।














