दिल्ली में दरिंदगी: स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से कथित गैंगरेप, 47 KM के तक दौड़ती रही बस!

नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। देश की राजधानी दिल्ली में नाबालिग छात्रा के साथ स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक चलने वाली बस में चालक और कंडक्टर ने 16 वर्षीय छात्रा के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बस को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 4 अगस्त 2026 की बताई जा रही है। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा घर से निकलकर नोएडा स्थित अपने रिश्तेदार के पास जा रही थी। इसी दौरान उसने ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के लिए स्लीपर बस पकड़ी। आरोप है कि बस में ही चालक और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामले की सूचना मिलने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

2012 के निर्भया कांड की याद हुई ताजा

दिल्ली में बस से जुड़े इस मामले ने 16 दिसंबर 2012 के निर्भया कांड की भयावह यादें ताजा कर दी हैं। उस घटना में चलती बस में 23 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और बर्बर हिंसा की गई थी। बाद में उसकी मौत हो गई थी। मामले के चार दोषियों को 20 मार्च 2020 को फांसी दी गई थी।