जालंधर कैंट में अवैध शराब के खिलाफ एक्साइज टीम की रेड, 93 बोतल/निप्स बरामद; आरोपी को छुड़ाकर ले गए स्थानीय लोग

एक्साइज टीम से बदसलूकी और धमकी का आरोप, शराब की सभी बोतलों से Track & Trace होलोग्राम हटे मिले,

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: गुप्त सूचना के आधार पर जालंधर कैंट के मोहल्ला नंबर 30 में एक्साइज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 93 बोतल/निप्स शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक्साइज टीम ने कथित आरोपी विकास राज उर्फ बट्टा, पुत्र विजय कुमार, निवासी मकान नंबर 87, मोहल्ला नंबर 30, जालंधर कैंट को मौके पर काबू कर लिया। हालांकि, बाद में स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी को एक्साइज टीम के कब्जे से छुड़ाकर ले जाने का आरोप है।

गुप्त सूचना पर घर में हुई छापेमारी

जानकारी के अनुसार, AC(X), जालंधर रेंज-II हरसिमरत कौर ग्रेवाल के दिशा-निर्देशों तथा E.O. सुनील गुप्ता और E.O. जसप्रीत सिंह की निगरानी में एक्साइज इंस्पेक्टर सुशील सिंह, मनजीत सिंह और साहिल रंगा ने एक्साइज पुलिस के साथ मिलकर विकास राज उर्फ बट्टा के घर पर रेड की।

छापेमारी के दौरान टीम को पंजाब किंग्स व्हिस्की की 3 बोतलें (750 एमएल प्रत्येक) और 90 निप्स (180 एमएल प्रत्येक) बरामद हुए। इस तरह कुल 93 बोतल/निप्स शराब बरामद की गई।

सभी बोतलों से Track & Trace होलोग्राम गायब

एक्साइज विभाग के अनुसार, बरामद की गई सभी शराब की बोतलों/निप्स से Track & Trace होलोग्राम फटे हुए मिले। विभाग ने आरोपी को आदतन अपराधी भी बताया है। मामले में थाना जालंधर कैंट में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

आरोपी को छुड़ाने के लिए जुटी भीड़, एक्साइज टीम से धक्का-मुक्की का आरोप

रेड के दौरान एक्साइज टीम ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया था। विभाग के अनुसार, इसके बाद आरोपी के परिवार के सदस्यों ने आसपास के लोगों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते कई स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और कथित तौर पर आरोपी को एक्साइज टीम के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गए।

विभाग का आरोप है कि इस दौरान स्थानीय लोगों ने एक्साइज पुलिस कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की/हाथापाई की, गाली-गलौज की और टीम को धमकाया। घटना के संबंध में एक्साइज टीम के सदस्यों के बयान थाना जालंधर कैंट पुलिस को दर्ज करवाए गए हैं।

अब पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को छुड़ाने तथा एक्साइज टीम के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।