लुधियाना में बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर बवाल, वाल्मीकि समाज ने लगाया जाम

लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर बाईपास चौक पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के गले में जूतों का हार डालने की घटना से वाल्मीकि समाज और स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। घटना 5 सितंबर की बताई जा रही है। आक्रोशित लोगों ने चौक पर धरना देकर जाम लगा दिया, जिससे एक घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मौके पर पहुंचे AAP विधायक का भी प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया और ‘आप सरकार मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। एडीसीपी-1 समीर वर्मा ने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्मार्ट सिटी और मौके पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जुटी हैं। प्रतिमा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम और कैमरे लगाने पर भी काम किया जा रहा है।